Posts

Showing posts from September, 2023
कल ज़मीं पर आज-से दंगल नहीं थे  आज जो भी हैं सफ़र में, कल नहीं थे देखकर ये खुश हुआ मन, क्यारियों में   ढेर-सारी सब्ज़ियाँ थीं, फल नहीं थे आज बस्ती में कहीं पानी नहीं है  कल तो पानी था मगर कल नल नहीं थे थी सड़क चौड़ी बहुत, पर रास्ते में  वो पुराने पेड़, वो जंगल नहीं थे फिर मरे कुछ लोग सर्दीे में वहाँ कल  क्या तुम्हारे देश में कंबल नहीं थे जिस क़दर लोगों की थीं मजबूरियां कुछ  उस क़दर आकाश पर बादल नहीं थे पाँव में छाले सभी के थे हज़ारों  पर किसी के ख़्वाब तो घायल नहीं थे आज रौनक आ गई खेतों में फिर से  खेत तो कल भी थे लेकिन हल नहीं थे ख़ूब-सारा वक़्त था औरों की ख़ातिर  बस, हमारे वास्ते कुछ पल नहीं थे - डॉ. राकेश जोशी
'समकालीन हिंदी ग़ज़लें' ब्लॉग के लिए ग़ज़लें सादर आमंत्रित हैं। कृपया, अपनी प्रकाशनार्थ ग़ज़लें joshirpg@gmail.com पर प्रेषित करें।
'समकालीन हिंदी ग़ज़लें' ब्लॉग पर केवल हिंदी ग़ज़लें प्रकाशित की जाती हैं। आप भी अपनी ग़ज़लें यूनिकोड फॉन्ट में टाइप कर joshirpg@gmail.com पर भेज सकते हैं।
आज फिर से भूख की और रोटियों की बात हो खेत से रूठे हुए सब मोतियों की बात हो   जिनसे तय था ये अँधेरे दूर होंगे गाँव के अब   अँ धेरों  से कहो उन सब दियों की बात हो   इक नए युग में हमें तो लेके जाना था तुम्हें इस समुंदर में कहीं तो कश्तियों की बात हो   जो तुम्हारी याद लेकर आ गई थीं एक दिन धूप में जलती हुई उन सर्दियों की बात हो   जिनको तुमने था उजाड़ा कल तरक्की के लिए आज फिर उजड़ी हुई उन बस्तियों की बात हो   ज़िक्र जब भी जंगलों का ,  आँसुओं का ,  आए तो पेड़ से टूटी हुई सब पत्तियों की बात हो - डॉ. राकेश जोशी